प्रतिभा योजना
राजस्थान के प्रत्येक विद्यालय, गाँव एवं क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "प्रतिभा" योजना प्रारम्भ की जा रही है।
इस योजना के माध्यम से 5 से 15 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वैज्ञानिक एवं मानकीकृत परीक्षण प्रक्रिया द्वारा प्रतिभा की पहचान कर उन्हें विद्यालय स्तर से उच्च प्रदर्शन एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
योजना के उद्देश्य
"प्रतिभा" योजना का उद्देश्य राजस्थान में खेल प्रतिभा पहचान एवं खिलाड़ी विकास की एक सुदृढ़, पारदर्शी एवं सतत व्यवस्था स्थापित करना है।
राष्ट्रीय खेल दृष्टिकोण से सामंजस्य
"प्रतिभा" योजना भारत सरकार की खेलो भारत नीति-2025 एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के KIRTI कार्यक्रम के अनुरूप है।
डिजिटल एथलीट डेटाबेस एवं खेल विकास
प्रत्येक विद्यार्थी को एक विशिष्ट "प्रतिभा ID" प्रदान करते हुए राज्यव्यापी एथलीट डेटाबेस तैयार किया जाएगा।
इसके माध्यम से चयनित खिलाड़ियों के परीक्षण परिणाम, प्रदर्शन एवं प्रगति का दीर्घकालीन मूल्यांकन किया जा सकेगा।
विभागों की सहभागिता
योजना में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद्, युवा मामले एवं खेल विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता रहेगी।